नई दिल्ली. दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने शनिवार को 54 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए। महज 4 घंटे पहले आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में आए आदर्श शास्त्री को द्वारका से टिकट दिया गया। वे पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पोते हैं। आप से टिकट कटने पर वे नाराज चल रहे थे। वहीं, आप विधायक रहीं अलका लांबा को चांदनी चौक, कीर्ति आजाद की पत्नी पूनम को संगम विहार से उम्मीदवार बनाया गया है। शीला दीक्षित सरकार में मंत्री रहे अरविंदर सिंह लवली को गांधीनगर, अशोक वालिया को कृष्णा नगर और हारून यूसुफ को बल्लीमारान से मैदान में उतारा गया है। पार्टी ने पहली सूची में 10 महिलाओं को टिकट दिया है।
इससे पहले शुक्रवार को भाजपा ने अपने 57 प्रत्याशियों के नामों की पहली सूची जारी की थी। केजरीवाल की पार्टी आप सभी सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा की तरह कांग्रेस ने भी अपनी पहली लिस्ट में केजरीवाल के खिलाफ प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। दिल्ली की 70 सीटों पर 8 फरवरी को मतदान होगा, नतीजे 11 फरवरी को आएंगे। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 21 जनवरी है। ऐसे में कांग्रेस बाकी के 16 और भाजपा 13 उम्मीदवार भी जल्द तय करेगी।
2015 में 'जीरो' रही कांग्रेस ने आप के 2 विधायकों को टिकट दिया
पिछले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को 70 में से 67 सीटें मिली थीं। 3 सीटों पर भाजपा को जीत मिली थी। वहीं कांग्रेस का खाता भी नहीं खुल पाया था। इस बार कांग्रेस ने आप छोड़कर कांग्रेस का हाथ थामने वाले आदर्श शास्त्री और अलका लांबा को मैदान में उतारा है।
पिछली बार हारे 13 लोगों को टिकट
कांग्रेस ने पिछली बार हारे अपने 13 उम्मीदवारों को फिर से टिकट दिया है। इनमें राजेश लिलोटिया की सीट बदल दी गई है। उन्हें इस बार मंगोलपुरी से उतारा गया है। लिलोटिया पिछली बार पटेल नगर से चुनाव लड़े थे और तीसरे नंबर पर रहे थे। यहां से भाजपा उम्मीदवार रहीं कृष्णा तीरथ इस बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। इसके अलावा कालकाजी से शिवानी चोपड़ा को टिकट मिला है। शिवानी सुभाष चोपड़ा की बेटी हैं, जो पिछली बार कालकाजी में तीसरे नंबर पर रहे थे। जिन 13 लोगों को फिर से टिकट मिला है, उनमें से 12 उम्मीदवार 2015 में तीसरे स्थान पर रहे थे।
कीर्ति आजाद की पत्नी, सुभाष चोपड़ा की बेटी समेत 10 महिलाओं को टिकट
कांग्रेस ने चांदनी चौक से आप विधायक अलका लांबा, 2015 में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ीं कृष्णा तीरथ समेत 10 महिलाओं को टिकट दिया है। दिल्ली कांग्रेस चुनाव समिति के प्रमुख कीर्ति आजाद की पत्नी पूनम आजाद को संगम विहार से उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा, कांग्रेस के बड़े नेता सुभाष चोपड़ा की बेटी शिवानी चोपड़ा को कालकाजी से टिकट मिला है। मॉडल टाउन से तीन बार विधायक रहे कुंवर करण सिंह की बेटी आकांक्षा ओला को टिकट मिला है। आकांक्षा पूर्व सांसद शीशराम ओला के पोते अमित की पत्नी हैं। इसके अलावा तिमारपुर से पार्षद अमरलता सांगवान, जनकपुरी से राधिका खेड़ा, मालवीय नगर से नीतू वर्मा और बाबरपुर से अन्वीक्षा त्रिपाठी जैन उम्मीदवार होंगी।
कांग्रेस के 54 उम्मीदवारों की सूची
विधानसभा सीट | प्रत्याशी |
नरेला | सिद्धार्थ कुंडू |
तिमारपुर | अमरलता सांगवान |
आदर्श नगर | मुकेश गोयल |
बादली | देवेंदर यादव |
रिठाला | प्रदीप कुमार पांडेय |
बवाना | सुरेंदर कुमार |
मुंडका | नरेश कुमार |
सुल्तानपुर माजरा | जयकिशन |
नांगलोई जाट | मंदीप सिंह |
मंगोलपुरी | राजेश लिलोटिया |
रोहिणी | सुमेश गुप्ता |
शालीमार बाग | जेएस नायोल |
शकूर बस्ती | देव राज अरोड़ा |
त्रिनगर | कमलकांत शर्मा |
वजीरपुर | हरिकिशन जिंदल |
मॉडल टाउन | आकांक्षा ओला |
सदर बजार | सतबीर शर्मा |
चांदनी चौक | अलका लांबा |
मटिया महल | मिर्जा जावेद अली |
बल्लीमारान | हारून युसुफ |
करोल बाग | गौरव धनक |
पटेल नगर | कृष्णा तीरथ |
मोती नगर | रमेश कुमार पोपली |
राजौरी गार्डन | अमनदीप सिंह सूदन |
हरि नगर | सुरेंदर सेठी |
जनकपुरी | राधिका खेड़ा |
द्वारका | आदर्श शास्त्री |
मटियाला | सुमेश शौकीन |
नजफगढ़ | साहेब सिंह यादव |
दिल्ली कैंट | संदीप तंवर |
जंगपुरा | तलविंदर सिंह मारवाह |
कस्तूरबा नगर | अभिषेक दत्त |
मालवीय नगर | नीतू वर्मा |
आरके पुरम | प्रियंका सिंह |
छतरपुर | सतीश लोहिया |
देवली | अरविंदर सिंह |
अंबेडकर नगर | यदुराज चौधरी |
संगम विहार | पूनम आजाद |
ग्रेटर कैलाश | सुखबीर सिंह पवार |
कालकाजी | शिवानी चोपड़ा |
तुगलकाबाद | शुभम शर्मा |
त्रिलोकपुरी | विजय कुमार |
पटपड़गंज | लक्ष्मण रावत |
लक्ष्मी नगर | हरि दत्त शर्मा |
विश्वास नगर | गुरचरण सिंह राजू |
कृष्णा नगर | डॉ. अशोक वालिया |
गांधी नगर | अरविंदर सिंह लवली |
शाहदरा | नरेंदर नाथ |
सीमापुरी | वीर सिंह धींगन |
रोहतास नगर | विपिन शर्मा |
सीलमपुर | मतीन अहमद |
बाबरपुर | अन्वीक्षा त्रिपाठी जैन |
गोकलपुर | एसपी सिंह |
मुस्तफाबाद | अली मेहंदी |
दिल्ली में 8 फरवरी को वोटिंग, 11 को नतीजे
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 8 फरवरी को वोटिंग होगी और 11 फरवरी को नतीजा आएगा। 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को 70 में से 67 सीटें मिली थीं। भाजपा ने 3 सीटें जीती थीं। कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिल सकी थी। 2015 में चुनाव आयोग ने 12 जनवरी को दिल्ली चुनाव की घोषणा की थी, 7 फरवरी को मतदान हुआ था और 10 फरवरी को नतीजे आए थे।